August 4, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

Bilaspur News: खनिज विभाग का बड़ा एक्शन: अवैध खनन और परिवहन में लगे 8 वाहन जब्त, कोयला डिपो सील

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले की संयुक्त खनिज टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 8 वाहनों और मशीनों को जब्त किया है। वहीं कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक कोयला भंडारण डिपो को भी सील कर दिया गया है।

कोयला डिपो में मिली गंभीर अनियमितताएं

खनिज विभाग को गतौरी गांव स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के कोयला भंडारण डिपो में कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और भंडारण संबंधी नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने डिपो में छापेमारी की, जहां जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।

कार्रवाई के दौरान मौके से एक ट्रेलर और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। साथ ही नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर डिपो को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। जब्त वाहन और मशीनों को कोनी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।

अवैध परिवहन पर भी चला अभियान

खनिज विभाग ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा, सकरी क्षेत्र में रेत परिवहन करते एक हाइवा तथा गिट्टी परिवहन करते एक अन्य हाइवा को जब्त किया गया।

अरपा नदी में अवैध उत्खनन का खुलासा

खोंगसरा क्षेत्र में टीम ने कार्रवाई करते हुए अरपा नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नदी से बिना अनुमति खनिज उत्खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप

खनिज विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में खनिज संपदा की सुरक्षा और राजस्व की हानि रोकने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close