July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

इबोला वायरस को लेकर बिलासपुर अलर्ट: अस्पतालों में मास्क अनिवार्य, सिम्स में होगी RTPCR जांच

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Bilaspur News: बिलासपुर। इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संक्रमण की रोकथाम और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अब संदिग्ध मरीजों की जांच छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में आरटीपीसीआर के माध्यम से की जाएगी। साथ ही जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

विदेश से आने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग को शासन स्तर से निर्देश मिले हैं कि विदेश से आने वाले यात्रियों की अनिवार्य थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच की जाए। रायपुर समेत आसपास के एयरपोर्ट से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जानकारी प्रतिदिन जिला महामारी नियंत्रण सेल को भेजी जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर भी विदेश यात्रा कर लौटे यात्रियों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष रूप से अफ्रीकी देशों से लौटने वाले नागरिकों को बिलासपुर पहुंचने के बाद 21 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होम क्वारंटाइन में रहना होगा।

सिम्स बना नोडल जांच केंद्र

इबोला वायरस के संदिग्ध मामलों की जांच के लिए सिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग को नोडल केंद्र बनाया गया है। किसी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उसका सैंपल लेकर तत्काल आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। रिपोर्ट 4 से 6 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

अस्पतालों में मास्क अनिवार्य, आइसोलेशन वार्ड तैयार

संक्रमण से बचाव के लिए अस्पताल परिसर, ओपीडी और वार्डों में मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए थ्री-लेयर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। सिम्स और जिला अस्पताल में 10-10 बेड के आधुनिक आइसोलेशन वार्ड भी सक्रिय कर दिए गए हैं।

सिम्स प्रशासन ने तैयारियां पूरी कीं

सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने बताया कि इबोला के संदिग्ध मरीजों के उपचार के लिए विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई है और माइक्रोबायोलॉजी विभाग की आरटीपीसीआर लैब को वायरस जांच के लिए अपग्रेड किया जा रहा है। शासन से आवश्यक किट और रिएजेंट मिलने के बाद बिलासपुर में ही जांच की सुविधा पूरी तरह शुरू हो जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश यात्रा से लौटने पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाएं नहीं, संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल से संपर्क करें तथा मास्क और स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करें। इससे किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सकेगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close