Bhopal Accident News : 6 साल के मासूम को डंपर ने कुचला, मौके पर तोड़ा दम, गुस्साए परिजनों का थाने पर हंगामा
Bhopal Accident News : भोपाल में 6 साल के मासूम को डंपर ने कुचल दिया। इसके बाद आरोपी डंपर छोड़कर फरार हो गया।
Bhopal Accident News : भोपाल में 6 साल के मासूम को डंपर ने कुचल दिया। इसके बाद आरोपी डंपर छोड़कर फरार हो गया। हादसा शुक्रवार शाम करीब 4 बजे का है। रहवासियों ने नो एंट्री के दौरान कॉलोनी में डंपर आने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाकर थाने का घेराव कर दिया है। वे आरोपी पर केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
आयुष सरवर (6) मां के साथ वैंकटेश गोल्डन कॉलोनी भोपाल मेमोरियल अस्पताल के पास रहता था। वह दो बहनों में इकलौता भाई था। जिस समय हादसा हुआ वह कॉलोनी के बाहर स्थित सांची पॉर्लर से दूध खरीदकर लौट रहा था। तभी कॉलोनी के अंदर से आ रहे डंपर ने उसे चपेट में ले लिया।
टक्कर मारने के बाद आरोपी ने बच्चे को देखा और भागा
बच्चे को टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर ने उसे देखा और भागने का कोशिश की। खराब सड़क होने के कारण डंपर की शॉफ्ट टूट गई। इसके बाद आरोपी डंपर वहीं छोड़कर भाग गया। बच्चे के परिजन चीख सुनकर बाहर निकले। उन्हें आरोपी भागता दिखा। परिजन और रहवासी बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




