26 जिलों में भारत भक्ति यात्रा निकालकर सेना को कहा धन्यवाद, ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरी मातृशक्ति
Bhopal News : 26 जिलों में भारत भक्ति यात्रा निकालकर सेना को कहा धन्यवाद, ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरी मातृशक्ति

भोपाल। मध्यभारत प्रांत में भोपाल, मुरैना, श्योपुर, भिंड, लहार, दतिया, ग्वालियर, डबरा, शिवपुरी, पिछोर, अशोकनागर, राजगढ़, ब्यावरा, सीहोर, बुदनी, विदिशा, रायसेन, गंजबासौदा, हरदा, नर्मदापुरम,बैतूल, पिपरिया, मुल्ताई सहित विभिन्न स्थानों पर मातृशक्ति ने ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में भारत भक्ति यात्रा निकालकर सेना का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में मातृशक्ति प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए।
भारत भक्ति यात्रा के माध्यम से देश की मातृशक्ति ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि भारत का वर्तमान नेतृत्व सशक्त हाथों में है एवं हम सब नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली हैं। ऑपरेशन सिंदूर केवल कार्रवाई मात्र नहीं अपितु पहलगाम हमले में अपना सिंदूर खोने वाली मातृशक्ति का बदला है। पहलगाम हमले में जान गँवाने वाले शहीद बंधुओं को यात्रा के माध्यम से नमन किया गया।
भोपाल में मातृशक्ति ने डीबी मॉल के सामने से शौर्य स्मारक तक यात्रा निकालकर सेना का आभार कर भारत माता की आरती की एवं सैनिक परिवारों की मातृशक्ति को सम्मानित किया। मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश-दुनिया ने भारत की शक्ति को देखा।
ग्वालियर में मातृशक्ति ने आकाशवाणी तिराहे से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल तक यात्रा निकालकर समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर भारत माता की आरती की। सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल वीके शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया एवं पाकिस्तान को घुटनों पर आने के लिए मजबूर कर दिया।
मुरैना, भिंड एवं दतिया में ‘सेना के साम्मान में-नारी शक्ति मैदान में’, आतंकवाद मुर्दाबाद के नारों के साथ मातृशक्ति ने यात्रा निकालकर सेना का अभिनंदन किया एवं भारत माता पुष्प अर्पित कर आरती की। शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया।
शिवपुरी में ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में नन्हें-नन्हें बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुति दीं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा निकालकर भारत माता की आरती की। अशोकनगर में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सेना द्वारा की गई कार्रवाई हेतु आभार व्यक्त करने यात्रा का आयोजन किया गया।
राजगढ़, ब्यावरा एवं सीहोर में ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित एवं सेना के शौर्य को सम्मानित करने मातृशक्ति द्वारा यात्रा निकाली गई।
बुदनी में मातृशक्ति ने यात्रा निकालकर सेना के शौर्य की प्रशंसा एवं उत्साहवर्धन किया, मुख्य वक्ता सीता प्रजापति ने कहा कि देश पर जब-जब संकट आया है तब नारी शक्ति कभी दुर्गा तो कभी काली बनकर प्रकट हुई है। ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सैनिक बहनों ने अहम भूमिका निभाई।
विदिशा एवं रायसेन में भारत माता के जय घोष के साथ मातृशक्ति ने यात्रा निकालकर भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान किया। इसी तरह नर्मदापुरम, बैतूल, पिपरिया एवं हरदा में मातृशक्ति ने भारत भक्ति यात्रा निकालकर सेना का आभार व्यक्त किया एवं भारत माता की आरती की।
मध्यभारत प्रांत में विभिन्न जगह ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में हजारों मातृशक्ति की उपस्थिति में निकाली गई भारत भक्ति यात्रा दर्शाती है कि भारत का जनमानस एकजुट है और भारतीय सेना पर उसे अटूट विश्वास है।




