“स्वतंत्रता के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मीडिया ने सबसे अधिक भ्रामक रूप में प्रस्तुत किया”- प्रखर श्रीवास्तव

भोपाल: विश्व संवाद केंद्र, मध्यप्रदेश द्वारा देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर सोमवार को देवी अहिल्या सभागृह, कुक्कुट विकास निगम, भोपाल में “देवर्षि नारद सार्थक जीवन पत्रकारिता सम्मान एवं उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार” समारोह और “संघ के 100 वर्षों की यात्रा एवं मीडिया” विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मीडिया ने सबसे अधिक गलत तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने गांधी हत्या प्रकरण और जम्मू-कश्मीर में संघ के योगदान के ऐतिहासिक पहलुओं का उल्लेख करते हुए बताया कि संघ के स्वयंसेवक कई कठिन परिस्थितियों में देश की सेवा में तत्पर रहे।

मुख्य अतिथि अशोक पांडेय ने कहा कि देवर्षि नारद सत्य, संवाद और लोककल्याण के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने प्रखर श्रीवास्तव की पुस्तक “हे राम” का भी उल्लेख किया, जो समाज को इतिहास और राष्ट्रचिंतन की नई दृष्टि प्रदान करती है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 का “देवर्षि नारद सार्थक जीवन पत्रकारिता सम्मान” महेश श्रीवास्तव को तथा वर्ष 2026 का कैलाश नारायण गौड़ को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त “देवर्षि नारद उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान 2025” से प्रमोद शर्मा, योगीराज योगेश, भावना अपराजिता शुक्ला, स्मिता, अनुज मैना और गोविंद सक्सेना सम्मानित हुए। वर्ष 2026 में यह सम्मान अम्बुज माहेश्वरी, प्रवीण सावरकर और बृजेश जैन को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता “लोककल्याण के संचारक देवर्षि नारद” के विजेताओं की भी घोषणा की गई। स्तुति कुमारी ने प्रथम, नंदन कुमार ने द्वितीय और अंजलि सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समारोह की शुरुआत शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति से हुई और दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण के साथ विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाजपत आहूजा ने की, संचालन सुदीप शुक्ला ने किया और आभार प्रदर्शन विश्व संवाद केंद्र न्यास की न्यासी शुभधा ने किया।





