June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंगमनोरंजन

सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी, बिहार से आया फोन, जांच में जुटी पुलिस

UP News: गोरखपुर सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान अजय कुमार यादव बताई है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

गोरखपुर सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान अजय कुमार यादव बताई है, जो बिहार के आरा जिले के जवनिया गांव का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक अजय कुमार यादव ने सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को फोन कर न सिर्फ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि जान से मारने की खुली धमकी भी दी। धमकी देने वाले ने कहा, “रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूंगा।”

जब निजी सचिव शिवम द्विवेदी ने साफ कहा कि सांसद ने कभी भी किसी समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है, तो आरोपी अजय यादव भड़क उठा और सांसद व उनके सचिव को गालियां देने लगा। उसने यहां तक कहा, “मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब चार दिन बाद बिहार आओगे तो जान से मार दूंगा।”

भगवान राम पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की

बताया जा रहा है कि अजय यादव ने बातचीत के दौरान भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने राम मंदिर की जगह अस्पताल बनाने की बात कही थी। आरोपी ने इस दौरान भगवान श्रीराम और राम मंदिर को लेकर भी आपत्तिजनक शब्द कहे।

बढ़ाई जा सकती है रवि किशन की सुरक्षा

धमकी मिलने के बाद सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी और पवन दुबे ने गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सांसद की सुरक्षा बढ़ाने और धमकी देने वाले युवक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है।

रवि किशन ने क्या कहा था?

बिना नाम लिए तंज कसते हुए रवि किशन ने खेसारी लाल पर भोजपुरी इंडस्ट्री बेचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “सनातन का नाम लेकर भोजपुरी सिनेमा में सबकुछ किया। आज भोजपुरी इंडस्ट्री बंद हो गई। इन लोगों ने भोजपुरी को बेच दिया। उनसे पूछना चाहिए कि भोजपुरी सिनेमा का ये हाल किसने किया?”


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close