June 3, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

दंतेवाड़ा में आकाशीय बिजली का कहर: साप्ताहिक बाजार में महिला की मौत, 10 लोग घायल

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Breaking News: दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

खरीदारी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

11 लोग आए चपेट में

हादसे में कुल 11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए। इनमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य 9 लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और अस्पताल में घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

प्रदेश में अगले पांच दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।

कई जिलों में दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 30 मिमी बारिश गरियाबंद जिले में रिकॉर्ड की गई, जबकि सुकमा और सूरजपुर के रामानुजनगर में 20-20 मिमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव के जंगल में भीषण गर्मी और लू के चलते एक मादा भालू की मौत की भी जानकारी सामने आई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close