July 31, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

श्रमिकों के बच्चों को मिली बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री साय ने 22 मेधावी विद्यार्थियों को दिए 2-2 लाख रुपये

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि श्रमिक अपने श्रम, समर्पण और परिश्रम से समाज और देश के विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं। वे स्वयं कठिन परिस्थितियों में रहकर दूसरों को सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, इसलिए श्रमिक वास्तव में देश के निर्माता हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।

22 मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें 10वीं के 9 और 12वीं के 13 विद्यार्थी शामिल हैं।

श्रमिक परिवारों के संघर्ष की सफलता

मुख्यमंत्री साय ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के संघर्ष, परिश्रम और संकल्प की प्रेरणादायक कहानी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे कभी स्वयं को किसी से कम न समझें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें।

डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासक बनें श्रमिकों के बच्चे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि श्रमिकों के बच्चे केवल श्रमिक बनकर न रह जाएं, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासक और अन्य उच्च पदों पर पहुंचकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।

28,754 श्रमिकों को मिली 7.79 करोड़ रुपये की सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 28 हजार 754 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को 7 करोड़ 79 लाख 52 हजार 370 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की।

यह राशि निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक सहायता, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनीलाल छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक औजार सहायता योजना, साइकिल सहायता योजना और पेंशन सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदान की गई।

श्रमिकों के हित में कई योजनाएं संचालित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए लगभग 70 प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने श्रमिक परिवारों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और अन्य जरूरतमंद श्रमिकों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।

श्रम मंत्री ने बताई योजना की खासियत

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और एक लाख रुपये दोपहिया वाहन खरीदने के लिए दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य कर रही है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में करेंगे राशि का उपयोग

कार्यक्रम में सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ मिला है और वे प्राप्त राशि का उपयोग उच्च शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में करेंगे।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में श्रम विभाग के सचिव एवं श्रम आयुक्त हिमशिखर गुप्ता, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रमिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close