June 3, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

SBI बैंक में नकली सोना रखकर लाखों की ठगी! पीड़ित पहुंचे SP कार्यालय, जांच शुरू

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Vidisha News : विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एसबीआई बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर लाखों रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर उनके नाम पर बैंक में नकली सोना जमा कराया और लोन की रकम खुद हड़प ली। अब बैंक द्वारा संबंधित खाताधारकों पर सोना छुड़ाने और राशि जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले की शिकायत लेकर कई पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंचे हैं।

पैसे का लालच देकर करवाई गई बैंक प्रक्रिया

पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें अधिक पैसे मिलने का लालच देकर बैंक में सोना गिरवी रखने के लिए तैयार किया गया। बाद में पता चला कि बैंक में जमा कराया गया सोना नकली था। अब बैंक लगातार नोटिस भेजकर संबंधित लोगों से जवाब मांग रहा है।

9 लाख रुपये लेकर आरोपी को सौंप दिए

फरियादी गोलू साहू ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले अभिराज शर्मा और भानु शर्मा के यहां काम किया था। दोनों ने उन्हें अपने नाम से सोना बैंक में गिरवी रखने के लिए कहा। उनकी बातों में आकर उन्होंने सोना अपने खाते पर जमा कर दिया, जिसके बदले बैंक से करीब 9 लाख रुपये मिले। यह पूरी राशि उन्होंने अभिराज शर्मा को दे दी।

गोलू साहू के अनुसार बाद में बैंक प्रबंधन ने बार-बार सोना छुड़ाने के लिए दबाव बनाया, तब उन्हें पता चला कि जमा कराया गया सोना नकली हो सकता है। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।

कई लोगों के नाम पर निकाला गया लोन

एक अन्य फरियादी विक्रम अहिरवार ने आरोप लगाया कि अभिराज शर्मा और उसके सहयोगियों ने कई लोगों के नाम पर बैंक में नकली सोना जमा कराकर बड़ी रकम निकाली है। अब बैंक द्वारा उन्हीं लोगों पर कार्रवाई और भुगतान का दबाव बनाया जा रहा है, जिनके नाम पर खाते और दस्तावेज इस्तेमाल किए गए थे।

एसपी ने दिए जांच के निर्देश

मामले को लेकर विदिशा एसपी रोहित केसवानी ने कहा कि कुछ लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ताओं को बैंक की ओर से नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनमें नकली सोना रखकर बैंक से पैसा निकालने का उल्लेख किया गया है।

एसपी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी और बैंक से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैंकिंग व्यवस्था पर उठे सवाल

नकली सोना बैंक में स्वीकार होने और उसके आधार पर लाखों रुपये का लोन जारी होने के आरोपों ने बैंकिंग प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कथित फर्जीवाड़े में कौन-कौन शामिल है और कितने लोगों को इसकी चपेट में लिया गया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close