MP Weather Update : मानसून विदाई से पहले फिर होगी भारी बारिश, आज इन जिलों में अलर्ट जारी, मूसलाधार बारिश के आसार
MP Weather Update : मौसम विभाग का कहना है कि 26 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
MP Weather Update : भोपाल। मध्य प्रदेश के 16 जिलों में आफत की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 26 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में चक्रवात बनता नजर आ रहा है। एक ट्रफ लाइन कोंकण से लेकर बांग्लादेश तक जाती हुई नजर आ रही है। दूसरी तेलंगाना के करीब शियर जोन यानी विपरीत दिशा की हवाओं का मिलन होता दिखाई दे रहा है। इस वजह से अलग-अलग जगहों पर बने मानसूनी सिस्टम प्रदेश में जोरदार बारिश कराएंगे। 1 जून से लेकर अभी तक प्रदेश में बारिश का आंकड़ा 1074.8 मिमी पहुंच चुका है। यह सामान्य बारिश के आंकड़े 937.9 से कहीं ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह आंकड़ा 15 फीसदी ज्यादा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के सागर, बैतूल, मंडला, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, खंडवा, जबलपुर, खरगोन, कटनी, बड़वानी, डिंडौरी, झाबुआ, उमरिया, धार, अनूपपुर, मऊगंज में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। दूसरी ओर, पांढुर्णा, भोपाल, मैहर, विदिशा, टीकमगढ़, रायसेन, छतरपुर, सीहोर, दमोह, राजगढ़, पन्ना, नर्मदापुरम, बालाघाट, हरदा, सिवनी, इंदौर, नरसिंहपुर, उज्जैन, शहडोल, देवास, सतना, शाजापुर, रीवा, आगर-मालवा, सीधी, सिंगरौली में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
खंडवा में मूसलधार बारिश
खंडवा में लगातार 4 दिन से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है. 25 सितंबर को दोपहर में एक घंटे मूसलधार बारिश हुई। इस दौरान एक इंच से अधिक पानी बरसा। जोरदार बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। तीन पुलिया नाला में उफान के बीच तेज बहाव देखने को मिला। कोतवाली थाना टीआई सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेटिंग कर ट्रैफिक रोक दिया। खंडवा के नागचून और सुरगांव क्षेत्र के बीच आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। महिला लीलाबाई बलराम जैसलमेर राजस्थान की थी। वह गडरिया थी। किल्लौद के बलियापुर के किसान हरदास सीताराम नायक की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई है। खंडवा में अब तक 808 मिमी के मुकाबले 863.8 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि, बीते वर्ष अब तक 921.64 मिमी बारिश हुई थी। 26 सितंबर को भी बारिश की संभावना है।




