September 24, 2026 |

BREAKING NEWS

देश

नितिन नवीन की थाली पर सियासत: सपा ने सावन में मांस खाने का लगाया आरोप, BJP बोली- कटहल की शाकाहारी सब्जी को मांस बताया

समाजवादी पार्टी ने तस्वीरें शेयर करते हुए सावन के महीने में नितिन नबीन पर मांसाहार करने का आरोप लगाया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में खाना खाते हुए तस्वीरों को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी ने तस्वीरें शेयर करते हुए सावन के महीने में नितिन नबीन पर मांसाहार करने का आरोप लगाया। इसके बाद भाजपा के कई सोशल मीडिया हैंडल से सफाई देते हुए इसे विपक्ष की ओर से फैलाया गया गलत दावा बताया गया।

छत्तीसगढ़ BJP ने दी सफाई

छत्तीसगढ़ भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट शेयर कर कहा गया कि तस्वीर में दिखाई दे रहा भोजन पारंपरिक कच्चे कटहल की करी है, जो पूरी तरह शाकाहारी व्यंजन है। भाजपा ने आरोप लगाया कि तस्वीर को गलत संदर्भ में पेश कर राजनीतिक विवाद खड़ा किया जा रहा है।

वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल से भी समाजवादी पार्टी के आरोपों का जवाब दिया गया। भाजपा ने दो तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “झूठ का पर्दाफाश, सच्चाई बेनकाब! सापाइयों द्वारा सियासत की थाली में परोसा गया झूठ, सच के सामने बेअसर।” भाजपा ने दावा किया कि नितिन नबीन और अन्य नेताओं की थाली में कटहल, सोयाबीन और पनीर की सब्जी थी। इसके अलावा मूंग दाल के पकौड़े भी परोसे गए थे।

BJP नेता ने कहा- दूसरों की थाली में झांकना बंद करें

भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट और राजस्थान के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने भी विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तस्वीर शेयर करने वालों को सलाह देते हुए कहा कि चाहे पत्रकार हों या राजनेता, उन्हें दूसरों की थाली में क्या है, इस पर तांक-झांक करना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने इसे निजी खान-पान से जुड़ा विषय बताते हुए इस तरह की राजनीति पर सवाल उठाया।

BJP विधायक ने भी विपक्ष पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के उतरौला से भाजपा विधायक राम प्रताप वर्मा ने भी इस मामले पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाया और भाजपा की ओर से दी गई सफाई का समर्थन किया।

सपा ने क्या कहा था?

समाजवादी पार्टी ने नितिन नबीन की खाना खाते हुए तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सावन के महीने में मांसाहार करने का आरोप लगाया था। सपा ने पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा था कि सावन और सोमवार-मंगलवार के दौरान मांसाहार करना भारतीय संस्कृति, सभ्यता और परंपरा के खिलाफ है। सपा ने आरोप लगाया था कि इस तरह का भोजन कर भाजपा अध्यक्ष देश के बहुसंख्यक हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।

तस्वीरों को लेकर आमने-सामने भाजपा-सपा

नितिन नबीन की थाली को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है। सपा जहां तस्वीरों के आधार पर मांसाहार का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा का दावा है कि थाली में कटहल समेत पूरी तरह शाकाहारी भोजन था। भाजपा ने सपा के आरोप को गलत और भ्रामक बताया है।

Bjp


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close