दमोह: पटेरा की सिया मसाला यूनिट पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, धनिया-मिर्च समेत मसालों के लिए सैंपल
MP Damoh News: बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील पटेरा क्षेत्र में संचालित सिया मसाला बनाने वाली यूनिट का निरीक्षण किया।

MP Damoh News: दमोह: जिले में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर नजर रखने के लिए विभाग की टीम अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील पटेरा क्षेत्र में संचालित सिया मसाला बनाने वाली यूनिट का निरीक्षण किया।

सिया मसाला यूनिट का किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी माधवी बुधौलिया और वेद प्रकाश चौबे ने सिया मसाला यूनिट पहुंचकर वहां तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने धनिया, मिर्ची समेत अन्य मसालों के नमूने लिए। विभागीय अधिकारियों ने लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अब प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

त्योहारी सीजन को लेकर चल रहा अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी तरीके से रोक लगाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पटेरा स्थित सिया मसाला यूनिट के निरीक्षण को लेकर अधिकारी ने बताया कि धनिया, मिर्ची और अन्य मसालों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद मसाला यूनिट समेत क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।





