PM Modi Visit Himachal Pradesh : मंडी: लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों के नेताओं के द्वारा चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया जा रहा है। इस बीच पीएम मोदी भी हर दिन चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इस बीच आज शुक्रवार को पीएम मोदी मंडी पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
PM Modi Visit Himachal Pradesh : पीएम मोदी ने कहा कि ‘काशी के सांसद की तरफ से छोटी काशी में दूर-दूर से आए आप सभी परिवार जनों को प्रणाम। मैं बहुत लंबे समय तक यहां पर रहा हूं। उस समय दूसरे नेताओं की रैलियों के लिए आयोजन करते थे। आज जिस प्रकार से आपने माहौल बना दिया है, जो जनसैलाब उमड़ा है। मुझे मालूम है मंडी लोकसभा की रैली अपने आप में पहाड़ चढ़ने जैसा है। मंडी लोकसभा क्षेत्र व्यास और सतलुज को आपस में जोड़ता है। कई इलाके यहां पर दुर्गम हैं। फिर भी इतनी बड़ी सभा में आप लोग दूर-दूर से आए हैं। चप्पे-चप्पे से एक ही गूंज सुनाई दे रही है, फिर एक बार मोदी सरकार।’
पीएम मोदी ने कहा कि ‘पालमपुर यहां से ज्यादा दूर नहीं है। मैं आज याद दिलाना चाहता हूं कि पालमपुर बीजेपी की वर्किंग कमेटी थी। यहीं पर जो निर्णय हुआ, उससे एक इतिहास रचा गया था। इसी अधिवेशन में भाजपा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। इस देव भूमि में संकल्प हुआ था। यानी हिमाचल राम मंदिर के निर्माण की संकल्प भूमि है। हिमाचल में लिया गया वो एतिहासिक संकल्प सिद्ध हो चुका है। 500 साल का ये इंतजार, अविरत संघर्ष चला, कितनी पीढ़ियों ने इंतजार करते-करते अपना जीवन पूरा कर दिया, लाखों लोगों ने शहादत मोली है। अब 500 सालों का इंतजार खत्म हो चुका है। इस इंतजार को खत्म किसने किया। ये इंतजार खत्म किया है आपके एक वोट ने। ये आपके वोट की ताकत है, जिसने 500 साल का इंतजार खत्म किया। आज अयोध्या में रामलला विराजमान हुए, हिमाचल खुश हुआ है, देवी-देवता आशीर्वाद बरसा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस खुश नहीं है।’
पीएम मोदी ने कहा कि ‘आपने दशकों तक कांग्रेस का शासन देखा है। कांग्रेस को ऐसा भारत पसंद है, जहां गरीबी हो, संकट हो, नागरिक समस्याओं से घिरे हों, इसलिए वो देश में पुराने हालात वापस लाना चाहती है। वो देश के विकास में रिवर्स गियर लगाना चाहती है। इसलिए कांग्रेस कह रही है कि अगर हम सत्ता में आएंगे तो 370 वापस लाएंगे, सीएए खत्म करेंगे। वो कह रहे हैं कि हमारे जो परमाण हथियार हैं वो भी हम खत्म कर देंगे। मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है। भारत का नागरिक भले ही वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो, इसाइ हो, बौद्धा हो, उसके लिए एक सामान नागरिकता होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध करती है। कांग्रेस शरिया का समर्थन करती है। कांग्रेस घोर सांप्रदायिक है, जातिवादी, परिवारवादी है। इस देश को वो नहीं बना सकते जो सिर्फ बाप-दादा की विरासत पर ही जीते हैं। इस देश को वो बनाएंगे जो मिट्टी से उठकर पहाड़ जितनी उचाइयां छूते हैं। इसलिए भारत का भविष्य स्टार्टअप शुरू करने वाले नौजवान हैं। आज भारत का भविष्य लड़ाकू उड़ा रही हमारी बेटियां भी हैं। इसलिए कंगना सिर्फ प्रत्याशी नहीं हैं, ये बेटियों को रिप्रजेंट करती हैं।’




