नई दिल्ली। PM Kisan Yojana Latest News : किसानों को आर्थिक सहायता के तौर पर केंद्र सरकार द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना चलाई गई है। इस योजना के तहत किसानों को साल में 6000 रुपए दिए जाते हैं जो प्रतिवर्ष तीन किस्तों के जरिए खाते में भेजे जाते हैं। अभी तक सरकार द्वारा 18 किस्तें भेजी जा चुकी हैं और अब किसानों को 19वीं किस्त का इंतजार है। वहीं किसानों को समय समय पर अपने आधार कार्ड की केवाईसी कराना भी अनिवार्य होता है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार के दौरे पर होंगे और वहीं से पीएम किसान की 19वीं किस्त डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों के खाते में भेजेंगे।
कब आएगी किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त?
कृषि मंत्री शिवराज सिंह के मुताबिक, पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को किसानों की खाते में आएगी। उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर रहेंगे। वहां कई कृषि कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और राज्य की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। वहीं से पीएम किसान की 19वीं किस्त भी ट्रांसफर करेंगे।
किसानों को ई-केवाईसी (e-KYC) कराना जरूरी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को सरकार सालाना 6 हजार रुपये की मदद देती है। ये पैसे 2-2 हजार रुपये की किस्त में मिलते हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ई-केवाईसी (e-KYC) कराना जरूरी है। इसका मकसद है कि पीएम किसान योजना का पैसा सही लाभार्थियों तक पहुंचे। इसमें कोई धांधली न हो। e-KYC न कराने वाले किसान 19वीं किस्त से वंचित हो सकते हैं। ऐसे में आपको फौरन e-KYC करा लेनी चाहिए।




