MPESB Recruitment 2026: पुलिस विभाग में 655 पदों पर भर्ती, 24 सितंबर से आवेदन; जानें योग्यता और फीस
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत सूबेदार (अनुसचिवीय) शीघ्रलेखक और सहायक उप निरीक्षक (अनुसचिवीय) के 655 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है।

भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत सूबेदार (अनुसचिवीय) शीघ्रलेखक और सहायक उप निरीक्षक (अनुसचिवीय) के 655 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। चयन परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 सितंबर 2026 से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 8 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा 13 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी।
चयन परीक्षा का पहला चरण 3 नवंबर 2026, मंगलवार से शुरू होगा। इन पदों पर भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय के माध्यम से कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेजा गया था। इससे पहले पुलिस विभाग में आरक्षकों के 7,500 पदों पर भर्ती के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
सूबेदार और एएसआई पद का वेतन
भर्ती में चयनित सूबेदार (शीघ्रलेखक) को 36,200 से 1,14,800 रुपए तक का वेतनमान मिलेगा। वहीं सहायक उप निरीक्षक (अनुसचिवीय) पद के लिए 19,500 से 62,000 रुपए तक का वेतनमान निर्धारित है।
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
सीधी भर्ती के लिए सामान्य और अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपए परीक्षा शुल्क देना होगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 250 रुपए निर्धारित किया गया है।
विभागीय परीक्षा के लिए सामान्य शुल्क 200 रुपए और आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपए निर्धारित है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा।
शैक्षणिक योग्यता क्या है?
सूबेदार (शीघ्रलेखक) पद के लिए अभ्यर्थी का 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से हिंदी आशुलिपि यानी हिंदी शॉर्टहैंड में 100 शब्द प्रति मिनट की परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। कंप्यूटर दक्षता से संबंधित निर्धारित योग्यता और प्रमाणपत्र भी मान्य होंगे।
सहायक उप निरीक्षक पद के लिए भी 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कंप्यूटर, आईटीआई अथवा संबंधित मान्यता प्राप्त संस्थान से निर्धारित डिप्लोमा, COPA, आधुनिक कार्यालय प्रबंधन सहित अधिसूचना में निर्धारित अन्य पाठ्यक्रमों की योग्यता मान्य होगी।
परीक्षा में पहचान पत्र जरूरी
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर जाना अनिवार्य होगा। इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट सहित निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। आधार कार्ड के जरिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का सत्यापन भी किया जाएगा।
आरक्षण का लाभ लेने के लिए MP का मूल निवासी होना जरूरी
आरक्षण का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश का स्थायी निवासी यानी Domicile होना अनिवार्य है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती से संबंधित आधिकारिक नियम, पदवार योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक जांच लेना चाहिए।
महत्वपूर्ण तारीखें
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 24 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख: 8 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख: 13 अक्टूबर 2026
- चयन परीक्षा का पहला चरण: 3 नवंबर 2026
- कुल पद: 655




