Khandwa News: बारिश के बीच लहराया तिरंगा, खंडवा में निकली भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा
शहर की सड़कों पर गुरुवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और कोतवाली थाना परिसर से ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली गई।

MP Khandwa News: खंडवा। शहर की सड़कों पर गुरुवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और कोतवाली थाना परिसर से ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली गई। यात्रा में स्कूली बच्चों, पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थी अनुशासित कतारों में आगे बढ़ते नजर आए। डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा जैसे-जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी, बारिश की बूंदें भी प्रतिभागियों के उत्साह को कम नहीं कर सकीं।
बारिश के बीच भी कायम रहा देशभक्ति का जज्बा
यात्रा के दौरान हल्की बारिश शुरू होने के बावजूद बच्चों और जवानों के कदम नहीं रुके। तिरंगा थामे लोग पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। बारिश की बूंदों के बीच लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने शहर में अलग ही माहौल बना दिया।
पुलिस अधीक्षक और प्रभारी कलेक्टर समेत अधिकारी हुए शामिल
यात्रा में पुलिस जवानों की भागीदारी भी खास आकर्षण का केंद्र रही। वर्दी में तिरंगा थामे जवान देशभक्ति गीतों की धुन पर कदम से कदम मिलाते नजर आए। यात्रा में खंडवा पुलिस अधीक्षक के साथ प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, नगर निगम महापौर, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सिटी मजिस्ट्रेट और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर यात्रा में हिस्सा लिया और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
पूरे आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता इंतजाम किए थे। ट्रैफिक डीएसपी, सूबेदार, यातायात थाना प्रभारी समेत पुलिस बल ने अलग-अलग मार्गों पर व्यवस्था संभाली और यात्रा को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया।
यात्रा के दौरान सड़कों के दोनों ओर लोग खड़े होकर इस नजारे को देखते रहे। बच्चों की कतारें, हाथों में लहराते तिरंगे, पुलिस जवानों का उत्साह और भारत माता के जयकारों से खंडवा की सड़कें देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। बारिश के बावजूद यात्रा का उत्साह अंत तक बना रहा। आयोजन ने संदेश दिया कि देशप्रेम का जज्बा मजबूत हो तो मौसम की बाधाएं भी लोगों के कदम नहीं रोक सकतीं।




