Iran-Israel War Updates : मिडिल ईस्ट धीरे-धीरे एक बड़े जंग की ओर बढ़ रहा है। इजरायल और ईरान के बीच जंग सातवें दिन भी जारी है। ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों को इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया है। वहीं इजरायल ने भी ईरान में यूरोनियम सेंट्रीफ्यूज और मिसाइल बनाने वाली इकाइयों पर हमला बोला। इजरायल के हमले में ईरान में अब तक 639 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अमेरिका भी इस जंग में कूद सकता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अंतिम आदेश का इंतजार किया जा रहा है।इस खबर के हर अपडेट के लिए इस पेज पर बन रहें।
ईरान पर बड़ा साइबर अटैक
इज़रायल ने ईरान पर बड़ा साइबर अटैक किया है। ईरानी न्यूज चैनल हैक करने के बाद ईरानी महिलाओं के बाल काटते हुए वीडियो चलाए गए। हालांकि ईरानी ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन का कहना है कि उसने इज़रायल के इस साइबर अटैक को नाकाम कर दिया है। लेकिन उससे पहले ईरानी न्यूज चैनल पर काफी देर तक महिलाओं के बाल काटने वाला वीडियो चलता रहा। इज़रायल ने ईरान के बैंकिंग सेक्टर पर साइबर अटैक किया है।
ईरान पर हुए हमलों में 639 लोगों की मौत
ईरान पर इजरायली हमलों में कम से कम 639 लोग मारे गए हैं और 1,329 अन्य घायल हुए हैं। वाशिंगटन स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स ने ये आंकड़े जारी किए हैं। मारे गए लोगों में 263 नागरिक और 154 सुरक्षा बल के जवान हैं। हालांकि ईरान की ओर से अभी तक मृतकों के इन आंकड़ों को लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है। सोमवार को जारी किए गए अंतिम अपडेट में मरने वालों की संख्या 224 बताई गई है और 1,277 अन्य घायल हुए हैं।
ईरान के इन दो शहरों पर हमले की तैयारी में इजरायल
‘द इजरायल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली डिफेंस फोर्स ने ईरानी शहरों अराक और खोंडब के लोगों को शहर खाली कर सुरक्षित जगहों पर जाने की चेतवानी जारी की है। आईडीएफ ने फ़ारसी भाषा में दिए गए बयान में कहा है कि आईडीएफ ईरानी सैन्य बुनियादी ढांचे के खिलाफ़ इस क्षेत्र में काम कर रहा है। बता दें कि यह शहर मध्य ईरान में है। दरअसल, खोंडब के बाहरी इलाके में एक परमाणु रिएक्टर है। इजरायल इसे निशाना बना सकता है।




