Israel Air Strike on Yemen : दीर अल बलाह। यमन में हूती विद्रोहियों ने कहा कि गुरुवार को इजराइली हवाई हमलों में विद्रोहियों के कब्जे वाली राजधानी सना और बंदरगाह शहर होदेदा को निशाना बनाया। हूती विद्रोहियों द्वारा लगातार इजराइल पर हमले के कुछ दिनों बाद इजराइल ने ये हमले किये। इजराइली सेना ने कहा कि उसने सना में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और होदेदा, अल-सलिफ और रास कांतिब के बंदरगाहों के साथ-साथ बिजली केंद्रों पर हूती विद्रोहियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरान समर्थित हूती समाचार मंच ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में हमलों की सूचना दी लेकिन तत्काल कोई विवरण नहीं दिया। अमेरिकी सेना ने हाल के दिनों में यमन में हूती विद्रोहियों को भी निशाना बनाया है। इस बीच, गाजा पट्टी के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रात के समय एक अस्पताल के बाहर इजराइली हमले में पांच फलस्तीनी पत्रकार मारे गए।
इजरायली सेना ने बताया कि मारे गये सभी आतंकवादी थे, जो पत्रकारों के वेश में थे। यह हमला मध्य गाजा में नुसेरात शरणार्थी शिविर में अल-अवदा अस्पताल के बाहर एक कार पर हुआ। पत्रकार स्थानीय समाचार चैनल के लिए काम कर रहे थे। इस्लामिक जिहाद उग्रवादी समूह से संबद्ध एक टेलीविजन चैनल है।
बता दें कि हालिया दिनों में हूतियों के हमलों की वजह से बजे सायरन तेल अवीव, हर्जलिया, रिशोन लेजियन और कई दूसरे शहरों के निवासियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इजरायल की सरकार ने हूतियों के हमलों को बर्दाश्त नहीं करने और कड़ा जवाब देने की बात कही है। यमन में इजरायल की ओर से हवाई हमले भी किए गए हैं। इस सबके बावजूद यमन से हूती हमले का खतरा इजरायली नागरिकों की मुश्किल को लगातार बढ़ा रहा है।




