झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा मार्च, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र; पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का किया इस्तेमाल
Jharkhand Ranchi Students Protest: छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी दागे गए।

Jharkhand Ranchi Students Protest: रांची। झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन ने सोमवार को बड़ा रूप ले लिया। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए मार्च शुरू किया। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगाए गए कई बैरिकेड्स तोड़ दिए और लगातार आगे बढ़ते रहे। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी दागे गए।
बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। विधानसभा जाने वाले मार्गों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए थे, लेकिन छात्रों ने कई बैरिकेड्स को पार कर आगे बढ़ना जारी रखा। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से इलाके में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू की गई है।
पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति
विधानसभा के करीब पहुंच रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।
तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति
दरअसल, आंदोलन कर रहे छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई। सरकार ने छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताते हुए आंदोलन खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन CBI जांच समेत कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने सोमवार को विधानसभा मार्च करने का फैसला किया।
छात्रों ने शांतिपूर्ण मार्च की अपील की
छात्रों का दावा है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। वहीं छात्र संगठन की ओर से प्रदर्शनकारियों से पुलिस के साथ किसी तरह की झड़प नहीं करने और उपद्रवी तत्वों से दूर रहने की अपील की गई है। संगठन ने सभी छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च करने की अपील की है। फिलहाल विधानसभा के आसपास तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।




