
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार शाम एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के बागडोगरा (सिलीगुड़ी) से विमान दिल्ली जा रहा था। बीच रास्ते में ही एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने लगा। इस वजह से सोमवार शाम को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। एयरपोर्ट के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
धुआं दिखने के बाद लखनऊ में कराई गई लैंडिंग
सूत्रों के मुताबिक विमान को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल (एवियोनिक्स बे) में धुआं देखे जाने के बाद आपात स्थिति में लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि पायलट ने संकट का संकेत करते हुए ‘मे डे’ कॉल जारी किया था। इसे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त संकट संकेत माना जाता है और जिसका इस्तेमाल आपात स्थितियों में किया जाता है। सूत्रों के अनुसार विमान यातायात नियंत्रण कक्ष (एटीसी) को विमान को लखनऊ की तरफ मोड़ने के बारे में अलर्ट किया गया और विमान शाम लगभग पांच बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
विमान में सवार थे 148 लोग
सूत्रों ने बताया कि विमान में चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 148 लोग सवार थे। सूत्रों ने बताया कि विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि एयरलाइन ने ज्यादातर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमानों में जगह दी। सूत्रों ने बताया कि कुछ यात्रियों को उनके टिकट की पूरी रकम वापस की गयी, जबकि कई अन्य को होटल में रहने की सुविधा दी गई और बाद की उड़ानों में उनकी बुकिंग दोबारा की गई।



