Dindori School Holiday: लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी, नर्मदा का जलस्तर बढ़ा
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।

Dindori School Holiday: डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिलेवासियों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी, नाले और अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा है।
नर्मदा का बढ़ रहा जलस्तर, नदी किनारे रहने वालों की बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के चलते नर्मदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में प्रशासन की नजर बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी और नालों के आसपास जाने से बचें और बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव से जुड़े कदम उठाए जाएंगे।
नगर परिषद की लापरवाही से सड़कें जलमग्न
वहीं, डिंडोरी नगर में बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खुल गई। नालियों की उचित सफाई और रखरखाव नहीं होने के कारण शहर की कई सड़कें पानी में डूब गईं। सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने से नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती, तो शहर में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती थी।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा
फिलहाल डिंडोरी में लगातार बारिश, बढ़ते नदी जलस्तर और शहर में जलभराव की स्थिति के बीच प्रशासन के सामने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।




