Damoh Latest News : पूर्व उपराष्ट्रपति के फेक हस्ताक्षर! बिना रोल नंबर और एनरोलमेंट नंबर की डिग्री, मिशन अस्पताल में फर्जी डॉक्टर मामले खुले कई राज
Damoh Fake Doctor Case : जिले के मिशनरी संचालित मिशन अस्पताल में फर्जी डॉक्टर के कार्यरत होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
Damoh Fake Doctor Case : दमोह: जिले के मिशनरी संचालित मिशन अस्पताल में फर्जी डॉक्टर के कार्यरत होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस गंभीर लापरवाही का खुलासा स्वयं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मुकेश जैन ने किया।
डॉ. जैन के अनुसार अस्पताल में डॉ. एनजॉन केम नाम से कार्यरत डॉक्टर की असली पहचान नरेंद्र विक्रमादित्य यादव के रूप में हुई है। आरोपी डॉक्टर ने अपने आप को कार्डियोलॉजिस्ट बताते हुए पांडिचेरी विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त होना बताया था। लेकिन जब दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई तो उसमें न रोल नंबर था, न ही एनरोलमेंट नंबर।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि डिग्री पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर मौजूद थे। जब मामले की पुष्टि के लिए दस्तावेजों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, तो जांच में साफ हो गया कि ये सभी प्रमाणपत्र पूरी तरह से फर्जी हैं। इस खुलासे के बाद दमोह कोतवाली थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। फिलहाल आरोपी डॉक्टर पर धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश जैन ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की संलिप्तता या लापरवाही की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




