September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

UP News: CM योगी ने 3572 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- अगले 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां देंगे

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कृषि विभाग और मंडी परिषद में नवनियुक्त 3,572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कृषि विभाग और मंडी परिषद में नवनियुक्त 3,572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ना, उनके सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें स्वावलंबी बनाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा को अवसर और उनके परिश्रम को सम्मान देने के लिए लगातार काम कर रही है।

कृषि विभाग में 3,446 प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति

नियुक्ति कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए कृषि विभाग में चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने ‘सक्षम युवा-समर्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

मई में भी युवाओं को मिले थे नियुक्ति पत्र

इससे पहले मई 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष विभाग में चयनित प्रोफेसरों, रीडरों, चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इसके अलावा व्यावसायिक शिक्षा विभाग के इंस्ट्रक्टर और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में नर्स, हॉस्टल वार्डन तथा कंपाउंडर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति दी गई थी। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए कहा था कि नया उत्तर प्रदेश युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के साथ विकास परियोजनाओं को भी गति दे रहा है।

निवेश और रोजगार पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच लगातार संवाद के जरिए निवेश बढ़ाने और प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने YEIDA के अंतर्गत प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए। वहीं, रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close