
CG Raipur News: रायपुर। केंद्र सरकार ने राज्यों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए देशभर के राज्यों को 1,09,019 करोड़ रुपये की कर हस्तांतरण राशि जारी की है। इस राशि में छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये का हिस्सा मिला है। राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय सहकारी संघवाद की भावना को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि समय पर मिली यह राशि राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
अधोसंरचना और जनकल्याण योजनाओं को मिलेगा बल
ओपी चौधरी ने कहा कि कर हस्तांतरण से प्राप्त राशि का उपयोग अधोसंरचना विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाएगा। इससे विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी और आम जनता तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
राज्य की वित्तीय क्षमता होगी और मजबूत
वित्त मंत्री ने कहा कि समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों की वित्तीय क्षमता मजबूत होती है। इससे विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आती है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए समृद्ध और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।




