August 3, 2026 |

BREAKING NEWS

प्रदेशब्रेकिंग

Ambikapur News: अंडा नहीं मिलने पर युवक चढ़ा मोबाइल टावर, सरगुजा में मचा हड़कंप

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में एक युवक अंडा नहीं मिलने से इतना नाराज हो गया कि वह गांव में लगे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचे टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी देर तक चले समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रोज अंडा खाने की आदत, नहीं मिला तो चढ़ गया टावर

जानकारी के अनुसार, ग्राम जमगला निवासी शिव शंकर (पिता शुकुल) को रोज अंडा खाने की आदत है। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उसे अंडा नहीं मिला, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने गांव में लगे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। युवक की इस हरकत से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और किसी अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से युवक को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

परिजनों ने बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ

युवक के परिजनों के अनुसार, शिव शंकर मानसिक रूप से बीमार है और उसका उपचार भी चल रहा है। पुलिस ने भी प्राथमिक पूछताछ के बाद बताया कि युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। फिलहाल उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में भीड़ न लगाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close