August 1, 2026 |

BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़

CG News: सरप्राइज निरीक्षण में खुली PWD की पोल, अरुण साव ने कहा- काम नहीं हुआ तो कार्रवाई तय

CG News: डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए संयुक्त बैठक बुलाकर कार्ययोजना तैयार की जाए।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Chhattisgarh News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बुधवार को बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग और खेल विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान वर्षों से लंबित निर्माण कार्य, अधूरी गैलरी, खराब रखरखाव और मैपलवुड फ्लोरिंग के अधूरे काम को देखकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता बीबीएस गौतम से निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वेरी गुड, ढूंढते रहो। काम करना है या नहीं? पहले जांच क्यों नहीं हुई? 2017 से काम अधूरा पड़ा है। यह कोई काम करने का तरीका है क्या? मजाक कर रहे हैं या नौकरी?”

सुपरविजन पर उठाए सवाल

अरुण साव ने अधिकारियों से कहा कि अगर समय पर निगरानी होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने पूछा, “ईई साहब, आपका सुपरविजन कैसा है? इतने साल बाद भी काम पूरा नहीं हुआ।” करीब दस साल पहले बने इस खेल प्रशिक्षण केंद्र में अब भी कई जरूरी कार्य अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए संयुक्त बैठक बुलाकर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने 15 दिनों के भीतर सभी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि वे स्वयं दोबारा निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा, “हर काम की खुद जांच कीजिए। अगर दोबारा आने पर लापरवाही मिली तो आप लोग दिक्कत में पड़ेंगे।”

हॉस्टल और इंडोर स्टेडियम की हालत पर भी जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान हॉस्टल की खराब स्थिति और रखरखाव में लापरवाही को लेकर भी डिप्टी सीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से राशि मिलने के बावजूद जरूरी मरम्मत कार्य समय पर नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से इंडोर स्टेडियम में मैपलवुड फ्लोरिंग का जिक्र करते हुए कहा कि इसका काम वर्ष 2017 में शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका, जो गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।

जुलाई तक पूरा होगा तीरंदाजी मैदान

अरुण साव ने एसईसीएल द्वारा लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे तीरंदाजी मैदान के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का को जुलाई तक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही आउटडोर स्टेडियम की हाईमास्ट लाइट को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी और खेल विभाग के अधिकारियों को पूरे स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। इसके अलावा हॉकी मैदान में निर्माणाधीन पैवेलियन में अधिकारियों के लिए शौचालय तथा दर्शकों के लिए अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

विभागीय सचिव ने भी दिखाई सख्ती

डिप्टी सीएम के साथ पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने जिले में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि मानकों के अनुरूप काम नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने करीब 510 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 97 किलोमीटर लंबी रतनपुर-कबीर चौरा सड़क परियोजना और सात किलोमीटर लंबे रतनपुर बाइपास का भी निरीक्षण किया। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित भुगतान रोककर रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों के कारण प्रभावित हो रहे निर्माण कार्यों की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर इन मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close