July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

प्रदेशब्रेकिंग

CG GST Raid: 76 करोड़ की फर्जी बिलिंग का खुलासा, राजनांदगांव का कारोबारी गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG GST Raid: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव के कारोबारी आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। विभाग की जांच में सामने आया है कि उनकी फर्म मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक ने पिछले छह महीनों में करीब 76 करोड़ रुपये का कागजी कारोबार दिखाया और 8.22 करोड़ रुपये की संदिग्ध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लेने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलिंग, पेपर ट्रेडिंग और बोगस आईटीसी नेटवर्क के बड़े खुलासे हुए हैं। विभाग अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गया है।

जांच के दौरान राज्य कर विभाग ने फर्म के जीएसटी रिटर्न, बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों और लेन-देन का विश्लेषण किया। इसमें पता चला कि करोड़ों रुपये का व्यापार केवल कागजों में दर्शाया गया था, जबकि वास्तविक रूप से माल की खरीदी-बिक्री के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। अधिकारियों के अनुसार फर्म ने पश्चिम बंगाल की कई संदिग्ध कंपनियों से आयरन एवं स्टील की खरीद दर्शाते हुए फर्जी बिल हासिल किए और उन्हीं के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया। बाद में इस फर्जी आईटीसी का लाभ अन्य व्यापारियों तक भी पहुंचाया गया।

पश्चिम बंगाल की फर्जी फर्मों से जुड़े तार

विभागीय जांच में सामने आया कि जिन कंपनियों से खरीद दिखाई गई थी, उनमें से कई का जीएसटी पंजीयन पहले ही निरस्त किया जा चुका था। इन फर्मों के वास्तविक व्यापार का कोई विश्वसनीय रिकॉर्ड भी नहीं मिला। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूरा कारोबार केवल कागजी बिल तैयार कर टैक्स लाभ लेने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। वास्तविक माल का परिवहन या आपूर्ति होने के प्रमाण भी नहीं मिले हैं।

पेपर ट्रेडिंग और बोगस ITC नेटवर्क का खुलासा

अधिकारियों के अनुसार यह मामला केवल एक कारोबारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा फर्जी बिलिंग नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है। जांच में संकेत मिले हैं कि कई अन्य कारोबारी और फर्में भी इस नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं। विभाग अब बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यापारिक संस्थानों की भूमिका की विस्तार से जांच कर रहा है।

कारोबारी गिरफ्तार, जांच का दायरा बढ़ा

पर्याप्त दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद राज्य कर विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ जीएसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। विभाग का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर अन्य संदिग्ध कारोबारियों तक भी जांच पहुंचाई जाएगी।

कर चोरी करने वालों पर जारी रहेगा अभियान

राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर चोरी, फर्जी बिलिंग और बोगस आईटीसी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के दौरान सामने आने वाले सभी व्यक्तियों एवं फर्मों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close