June 5, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

बरगी डैम क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 11 पहुंची, दो अब भी लापता, रेस्क्यू जारी

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Bargi Dam Cruise Tragedy: जबलपुर | जबलपुर के बरगी डैम में दो दिन पहले हुए क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। शनिवार शाम को दो और बच्चों के शव को रेस्क्यू टीम ने बरामद किया। वहीं दो लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित यह नाव बृहस्पतिवार शाम तेज आंधी के दौरान पलट गई थी।

रक्षा मानकों में लापरवाही
इस हादसे में जीवित बचे लोगों ने आरोप लगाया है कि रक्षा मानकों में लापरवाही बरती गई और समय पर लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराए गए। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि विराज सोनी (6) और तमिल (5) के शव शनिवार को बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि तमिल के पिता कामराज, जो खमरिया स्थित आयुध निर्माणी में कार्यरत हैं, और उनके भतीजे मयूरम (5) अब भी लापता हैं।

तलाश का दायरा बढ़ाया
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोताखोरों और आपदा प्रतिक्रिया टीमों ने तलाश का दायरा बढ़ा दिया है। अब इस दायरे को पांच किलोमीटर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त नाव में सवार 41 यात्रियों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से 28 को सुरक्षित बचा लिया गया।

200 से ज्यादा बचावकर्मी जुटे
अधिकारियों ने बताया कि 200 से अधिक बचावकर्मी, जिनमें आगरा से वायु मार्ग से लाए गए सेना के करीब 20 गोताखोर शामिल हैं, शनिवार सुबह पांच बजे से फिर शुरू हुए अभियान में जुटे हुए हैं। तेज हवाओं के कारण सुबह करीब नौ बजे अभियान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

एसडीपीओ मिश्रा ने बताया कि अब तक नौ मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ”हमारी प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश करना है। मामले में जल्द ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।” पुलिस ने बताया कि सवारियों के चढ़ने के स्थान के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में 43 लोग नाव की ओर जाते दिखे हैं, जबकि अब तक 41 यात्रियों की पहचान की पुष्टि हुई है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। चालक दल के तीन सदस्यों को बर्खास्त कर दिया है और राज्य में इस प्रकार की अन्य नौकाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close