September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

क्राइमदेशप्रदेशब्रेकिंग

Bareilly News: बरेली में 2.60 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, देहरादून सप्लाई करने जा रहा था खेप

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ बरेली यूनिट और मीरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ बरेली यूनिट और मीरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने एक अभ्यस्त मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान थाना फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी जब्बार खान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है।

हॉस्पिटल के सामने से आरोपी को दबोचा

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को एएनटीएफ बरेली यूनिट को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ की खेप लेकर मीरगंज इलाके से गुजर रहा है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और थाना मीरगंज पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। टीम ने एक हॉस्पिटल के सामने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी जब्बार खान को गिरफ्तार कर लिया गया।

1 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध स्मैक यानी हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

भाई के साथ मिलकर करता था सप्लाई

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की अवैध सप्लाई करता था। दोनों कथित तौर पर कम कीमत पर मादक पदार्थ खरीदते थे और फिर उसे उत्तराखंड के देहरादून में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दिन भी जब्बार हेरोइन की खेप लेकर देहरादून जाने की तैयारी में था।

देहरादून में कई बार सप्लाई करने का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपी के देहरादून से लगातार संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, जब्बार खान करीब 20 से 25 बार देहरादून जा चुका है। एसपी अंशिका वर्मा के अनुसार, आरोपी द्वारा लगातार मादक पदार्थ की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।

आरोपी के भाई और नेटवर्क की तलाश

जब्बार की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके भाई और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एएनटीएफ यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी हेरोइन कहां से खरीदता था और बरेली के अलावा किन-किन जिलों में इसकी सप्लाई की जाती थी। इसके साथ ही देहरादून में आरोपी के संपर्कों और कथित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

जेल भेजा गया आरोपी

एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि जब्बार खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close