Amit Shah Visit Indore : इंदौर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को इंदौर पहुंचे। एक पेड़ मां के नाम के तहत एक दिन में 11 लाख पौधा रोपण अभियान में शामिल होते हुए शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जो देशभर को ऑक्सीजन प्रदान करता है। राज्य के क्षेत्रफल का 31 प्रतिशत और देशभर में 12 प्रतिशत वन क्षेत्र है। 5 टाइगर रिजर्व, 12 नेशनल पार्क, 24 अभयारण्य समेत चीता प्रदेश के रूप में यह प्रदेश जाना जाता है।
सभी 29 सीटों पर मिली जीत पर आभार
इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में एमपी की सभी 29 सीटों पर जीत मिलने पर उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करने में मध्य प्रदेश की जनता का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। मत्स्यपुराण का जिक्र करते हुए उसमें लिखित शब्दों की बात करते हुए शाह ने कहा कि दस कुओं के बराबर एक बावड़ी होती है, दस बावड़ी के बराबर एक तालाब और दस तालाबों के बराबर एक वृक्ष होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश है कि हमें पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए कदम उठाना है।
इस पहले इंदौर स्थित पितरेश्वर हनुमान मंदिर पहुंच कर उन्होंने भगवान का दर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण किया। मंत्री शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला व वाणिज्य महाविद्यालय पहुंचे। जहां वह वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी 55 जिलों के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया।
मंत्री शाह का मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित भाजपा सरकार के मंत्रियों ने स्वागत करते हुए रेवती रेंज पहुंच कर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण किया। पौधा रोपण केा लेकर इंदौर विश्व रिकार्ड बनाने जा रहा है। पौधा रोपण के इस कार्यक्रम में इंदौर के नागरिकों, स्वयं सेवी सगंठन के कार्यकर्ताओं के अलावा यूके और यूएई के रहने वाले भारतीय नागरिक भी पहुंचे।
सुबह के 6 बजे से पौधे रोपने की प्रक्रिया
मंत्री अमित शाह का स्वागत करने के लिए इस मौके पर प्रदेश भाजपा सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पर बारीकी से नजर भी रखी जा रही है। रविवार को सुबह के 6 बजे से ही इंदौर में एक दिन में 11 लाख पौधे रोपने की प्रक्रिया चल रही है। इतने पौधे रोपने के मामले में इंदौर विश्व रिकॉर्ड बना लेगा। इंदौर में हरियाली बढ़ाने की पिछले कई दिनों से मंत्री विजयवर्गीय और भाजपा नेताओं द्वारा मुहिम चलाई जा रही है।




