September 18, 2026 |

BREAKING NEWS

Uncategorized

AIIMS भोपाल की नई डिजिटल पहल, अब WhatsApp पर मिलेंगी OPD से लेकर लैब रिपोर्ट तक की सुविधाएं

अस्पताल प्रशासन ने “एम्स भोपाल व्हाट्सऐप-स्वास्थ्य सेवाएं” नाम से नई डिजिटल सेवा शुरू की है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

भोपाल: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अस्पताल प्रशासन ने “एम्स भोपाल व्हाट्सऐप-स्वास्थ्य सेवाएं” नाम से नई डिजिटल सेवा शुरू की है। इसके जरिए मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

लंबी कतारों और इंतजार से मिलेगी राहत

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेन्द्र कोतवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नई सेवा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल में लगने वाली लंबी कतारों और मरीजों के प्रतीक्षा समय को कम करना है। खास बात यह है कि इसके लिए मरीजों को कोई अलग मोबाइल ऐप डाउनलोड करने या अलग-अलग पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं होगी।

एक WhatsApp पर मिलेंगी कई स्वास्थ्य सेवाएं

डॉ. नरेन्द्र कोतवाल ने बताया कि एम्स ने इस सुविधा की परिकल्पना “एक WhatsApp, सभी स्वास्थ्य सेवाएं” के रूप में की है। मरीज सिर्फ WhatsApp के माध्यम से कई जरूरी सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे।

OPD अपॉइंटमेंट से लेकर लैब रिपोर्ट तक की सुविधा

इस डिजिटल सेवा के जरिए मरीज घर बैठे बाह्य रोगी विभाग (OPD) के लिए रजिस्ट्रेशन कर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच की लैब रिपोर्ट भी सीधे WhatsApp पर देख और डाउनलोड की जा सकेगी।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मरीजों को डिस्चार्ज समरी भी WhatsApp के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, एम्स द्वारा जारी किए जाने वाले जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र भी डिजिटल रूप से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी भी मिलेगी

नई WhatsApp सेवा के जरिए मरीजों और उनके परिजनों को एम्स भोपाल में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी चैट के माध्यम से तुरंत मिल सकेगी। इस पहल से मरीजों को अस्पताल की कई सेवाओं के लिए बार-बार आने और लंबी कतारों में इंतजार करने से राहत मिलने की उम्मीद है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close