Nawazuddin Siddiqui’s brother arrested : मुजफ्फरनगर जनपद में डीएम न्यायालय के फर्जी आदेश की प्रति चकबंदी न्यायालय में जमा करने के मामले में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई अयाजुद्दीन को पुलिस ने बुढ़ाना के मोहल्ला काजीवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। डीएम न्यायालय के पेशकार राजकुमार ने अयाजुद्दीन नंबरदार और उसके विपक्षी जावेद इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसी बीच जिलाधिकारी न्यायालय से ऐसा कोई भी आदेश नहीं होने की जानकारी मिलने पर आठ दिसम्बर 2023 के डीएम कोर्ट के कथित आदेश पत्र की जांच शुरू कराई गई। उप जिलाधिकारी बुढ़ाना ने 29 फरवरी 2024 को अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की।
प्रकरण को बेहद गंभीरता से लेते हुए डीएम ने छह मार्च को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
थाना बुढ़ाना के प्रभारी निरीक्षक आनन्द देव मिश्रा ने बताया कि डीएम के पेशकार की तहरीर पर अयाजुद्दीन और जावेद इकबाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने बुढ़ाना से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




