September 24, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

भोपाल: वकील से मारपीट पर बवाल, TI समेत 3 पुलिसकर्मियों पर FIR; चक्काजाम के बाद मानी मांग

MP Bhopal News: घटना से नाराज वकीलों ने बुधवार को जहांगीराबाद थाने का घेराव किया और कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

भोपाल: राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में एक अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। घटना से नाराज वकीलों ने बुधवार को जहांगीराबाद थाने का घेराव किया और कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। सुबह से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देर रात तक चलता रहा। लगातार बढ़ते दबाव के बाद पुलिस प्रशासन ने अधिवक्ता की शिकायत पर जहांगीराबाद थाना प्रभारी TI राजन अहिरवार समेत दो आरक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

थाने के घेराव के बाद कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम

जानकारी के मुताबिक, जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट की घटना के बाद वकीलों में आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। इसके बाद वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के कारण इलाके की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी वकील आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सुबह से शुरू हुआ विरोध देर रात तक जारी रहा।

TI राजन अहिरवार समेत तीन पर FIR

वकीलों के लगातार प्रदर्शन और दबाव के बीच पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार और दो आरक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही प्रदर्शनकारी वकीलों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

FIR दर्ज होते ही वकीलों ने मनाया जश्न

पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद कोर्ट चौराहे पर वकीलों ने जश्न मनाया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर अधिवक्ता नाचते-गाते नजर आए। वकीलों ने इसे अपनी मांग की जीत बताया और इसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया।

अधिवक्ता राकेश रावल पर भी क्रॉस केस

इस पूरे विवाद में पुलिस और अधिवक्ता पक्ष की ओर से क्रॉस केस भी सामने आया है। जहांगीराबाद थाने में एक ट्रैफिक सिपाही की शिकायत पर अधिवक्ता राकेश रावल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close