MCD जोन चेयरमैन के दफ्तर में मारपीट, 20-25 लोगों की भीड़ ने पार्षद पर किया हमला
नॉर्थ ईस्ट जोन कार्यालय में मची अफरा-तफरी, कांच के दरवाजे और खिड़कियां टूटीं; पार्षद ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) के नॉर्थ ईस्ट जोन कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जोन चेयरमैन पंकज लूथरा के कार्यालय में जमकर मारपीट हो गई। बाबरपुर से निगम पार्षद हाजी जरीफ के साथ कथित तौर पर कुछ लोगों ने मारपीट की। घटना के दौरान चेयरमैन कार्यालय के कांच के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
नीचे विवाद के बाद कार्यालय तक पहुंचा मामला
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निगम कार्यालय के नीचे किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और तीखी नोकझोंक हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने बाबरपुर के पार्षद हाजी जरीफ को घेर लिया। बताया जा रहा है कि भीड़ से बचने के लिए पार्षद अपने साथी के साथ भागकर नॉर्थ ईस्ट जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा के कार्यालय में पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद करीब 20 से 25 लोगों की भीड़ उनका पीछा करते हुए चेयरमैन के कार्यालय में जबरन घुस गई।
कार्यालय के अंदर भी हुई झड़प
आरोप है कि कार्यालय के अंदर घुसने के बाद भीड़ ने पार्षद के साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को बचाने के प्रयास में पार्षद ने कुर्सी फेंकी, जिसके बाद दोनों तरफ से कुर्सियां और अन्य सामान फेंके जाने लगे। इस दौरान कार्यालय के अंदर काफी हंगामा हुआ और सामान अस्त-व्यस्त हो गया। झड़प में चेयरमैन कार्यालय के कांच के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। घटना के चलते निगम कार्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
चेयरमैन पंकज लूथरा ने बताया घटनाक्रम
नॉर्थ ईस्ट जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने बताया कि घटना के वक्त वह अपने कार्यालय में बैठकर जरूरी काम कर रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे निगम पार्षद अपने एक साथी के साथ भागते हुए उनके कार्यालय में पहुंचे।
चेयरमैन के मुताबिक, पार्षद के पीछे करीब 20 से 25 लोगों की भीड़ भी कार्यालय के अंदर आ गई। उन्होंने बताया कि भीड़ पार्षद की ओर बढ़ रही थी और कार्यालय के अंदर ही मारपीट की स्थिति बन गई। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि कार्यालय के नीचे किसी विवाद के बाद यह पूरा घटनाक्रम हुआ।
पार्षद ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ित निगम पार्षद हाजी जरीफ ने वेलकम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। घटना के बाद MCD कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।




