September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

खेल जगत

IND vs SL: गॉल टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल का धमाका, जड़ा करियर का पहला शतक; सौरव गांगुली की खास लिस्ट में बनाई जगह

IND vs SL Test Match 1st Day: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 73 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

IND vs SL Test Match 1st Day: गॉल। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन बारिश के कारण खेल प्रभावित रहा, लेकिन भारतीय टीम ने दिन का अंत मजबूत स्थिति में किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 73 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए। भारत के लिए सबसे खास पल देवदत्त पडिक्कल का रहा, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ते हुए शानदार 131 रन की नाबाद पारी खेली।

पडिक्कल को इस मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला और उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया। साई सुदर्शन के फिटनेस संबंधी समस्या के कारण सीरीज से बाहर होने के बाद पडिक्कल को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए शानदार बल्लेबाजी की और पहले ही दिन शतक पूरा कर लिया।

पडिक्कल ने हासिल की खास उपलब्धि

देवदत्त पडिक्कल की यह सेंचुरी कई मायनों में खास रही। वह 21वीं सदी में नंबर-3 पर टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सौरव गांगुली ने हासिल की थी।

गांगुली ने 2002 में जिम्बाब्वे के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 136 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं, पडिक्कल ने लंबे अंतराल के बाद इस रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। पडिक्कल से पहले शुभमन गिल ने सितंबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था।

केएल राहुल के साथ की 150 रन की साझेदारी

गॉल टेस्ट में भारत को पहला झटका 47 रन के स्कोर पर लगा, जब यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद नंबर-3 पर आए पडिक्कल ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों को दबाव बनाने का मौका नहीं दिया। पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल ने दूसरे सत्र के बाद 77 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ दिया।

पहले दिन का खेल खत्म होने तक देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि ऋषभ पंत 27 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। बारिश के कारण दिन में पूरे 90 ओवर का खेल नहीं हो सका और भारत ने 73 ओवर में 288 रन बनाए। अब दूसरे दिन भारतीय टीम की नजर बड़े स्कोर पर होगी, जबकि श्रीलंका जल्द विकेट हासिल कर मैच में वापसी करने की कोशिश करेगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close