September 15, 2026 |

BREAKING NEWS

प्रदेशब्रेकिंग

Dhamtari News: धमतरी में नहीं थम रहे आत्महत्या के मामले, तीन दिन में पांच मौतों से मचा हड़कंप

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने लोगों के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब जिले में दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

खर्तूली गांव में किसान ने किया जहर का सेवन

पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दानीराम कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

सिंधौरी खुर्द में युवक ने भी उठाया आत्मघाती कदम

दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द की है। यहां के निवासी पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आत्महत्या के कारण अब भी स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया।

तीन दिन पहले भी तीन युवकों ने की थी आत्महत्या

गौरतलब है कि 30 जून को धमतरी जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड में हुई, जहां संजू साहू ने फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव की थी, जहां गोपाल यादव ने आत्महत्या की थी। वहीं तीसरी घटना संबलपुर ओवरब्रिज के पास सामने आई थी, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close