June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

CG Khairagarh News: 17 की शक्कर 20 में! राशन दुकान की मनमानी पर भड़के वार्डवासी

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Khairagarh News: खैरागढ़। जिले के दाऊचौरा स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की राशन दुकान में कथित अनियमितताओं और अधिक कीमत वसूली के विरोध में सोमवार को वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में वार्ड क्रमांक 16 और 17 के रहवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राशन दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

वार्ड से दूर संचालित हो रही राशन दुकान

वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनय देवांगन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राशन दुकान का संचालन दाऊचौरा क्षेत्र में न होकर संचालक के निजी निवास से किया जा रहा है, जो वार्ड से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग हितग्राहियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

17 रुपये की शक्कर 20 रुपये में बेचने का आरोप

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा निर्धारित 17 रुपये प्रति किलो की दर से मिलने वाली शक्कर को 20 रुपये प्रति किलो में बेचा जा रहा है। इसके अलावा दुकान निर्धारित समय पर नहीं खुलती, जिससे हितग्राहियों को कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। लोगों ने नाप-तौल में गड़बड़ी, राशन वितरण में पारदर्शिता की कमी और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए हैं।

दो महीने से नहीं मिला शक्कर का कोटा

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मई और जून माह की शक्कर का वितरण अब तक नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के हितग्राहियों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर समाधान के बजाय उन्हें धमकाया जाता है और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता है।

खाद्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल

इस मामले ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि वार्डवासियों के आरोप सही साबित होते हैं, तो महीनों से चल रही अनियमितताओं पर जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि गरीबों के हक के राशन में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य अधिकारी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं और लोगों को उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles