July 28, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेश

Weather Update Today: देशभर में मॉनसून का कहर, 15 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; गुजरात-असम में बाढ़ से हालात गंभीर

Weather Update Today: राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Weather Update Today: नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सबसे पहले राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार और बुधवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, इसलिए लोगों को जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

गुजरात और असम पर आफत बनकर बरसी बारिश

असम में बाढ़ और बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। वहीं, 9 जिलों में 7 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने में जुटा हुआ है। वहीं, गुजरात में भी लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बारिश की भायवहता का अंदाजा ऐसे लगा सकते हैं कि गुजरात में कावेरी नदी रेलवे ट्रैक को ही बहा ले गई। कई सड़कें बंद हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है।

देश के 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

पहाड़ी राज्यों के लिए भी विशेष चेतावनी

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र से लेकर जम्मू डिवीजन तक एक ट्रफ सक्रिय है। वहीं गुजरात से कर्नाटक तट तक भी निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी वजह से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है।

बाकी देश में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

उधर, देश के कई राज्यों में मॉनसून का असर बेहद गंभीर हो गया है। गुजरात और असम में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बिहार: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और अररिया में भारी बारिश और 60 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान: जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, भिलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, अजमेर, सीकर और नागौर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मध्य प्रदेश: बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, विदिशा, खंडवा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), खरगोन, छतरपुर और शिवपुरी में भारी बारिश और 60 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

झारखंड: साहिबगंज, पाकुड़, रांची, खूंटी, देवघर, धनबाद, जमशेदपुर, पलामू, गुमला, सरायकेला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, लातेहार, रामगढ़, गढ़वा, लोहरदगा और पूर्वी सिंहभूम में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड: बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश: चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा, रामबन, जम्मू, पुंछ, कुलगाम, उधमपुर, कठुआ, डोडा, अनंतनाग, गांदरबल और कुपवाड़ा में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल: पुरुलिया, बांकुड़ा, नादिया, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, दुर्गापुर और झाड़ग्राम में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पंजाब: जालंधर, पटियाला, अमृतसर, गुरदासपुर, लुधियाना, फरीदकोट और संगरूर में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

महाराष्ट्र: मुंबई, ठाणे, पालघर, गोंदिया, चंद्रपुर, भंडारा, जालना, बीड, नांदेड़ और हिंगोली में हल्की से मध्यम और कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। यहां 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और तेज बारिश, बाढ़, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close