July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, सराफा कारोबारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG News: धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो चोरों और एक सराफा कारोबारी सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 10 ग्राम का सोने का बिस्किट और वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली बरामद की गई है।

परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे 13 मई को अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए हुए थे। इस दौरान उनके घर में कोई मौजूद नहीं था। सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात समेत नगदी रकम चोरी कर फरार हो गए।

17 मई को परिवार के वापस लौटने पर चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद भखारा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।

मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता

मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घर का ताला और आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात व नगदी चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने जेवर आपस में बांट लिए, जबकि नगदी खर्च कर दी।

चोरी का सोना गलाकर बनाया गया बिस्किट

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के अधिकांश जेवरात बरामद कर लिए। वहीं पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी का एक सोने का गुलबंद हार रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया गया था।

आरोपी सराफा कारोबारी ने हार को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट तैयार कर लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोने का बिस्किट भी बरामद कर लिया और ओमप्रकाश सोनी को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस ने मामले में घनश्याम यादव, हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी और सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चर्चित चोरी की गुत्थी सुलझ गई है और चोरी का अधिकांश माल भी बरामद कर लिया गया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close