श्रीलंका टेस्ट सीरीज से साई सुदर्शन बाहर, लंबे समय बाद टीम इंडिया में सरफराज खान की वापसी

IND vs SL Test Series: नई दिल्ली। श्रीलंका दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए बल्लेबाज साई सुदर्शन फिटनेस संबंधी समस्या के चलते बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया है। लंबे समय बाद सरफराज की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
नवंबर 2024 में खेला था आखिरी टेस्ट
सरफराज खान ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में खेला था। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में खेलने का मौका नहीं मिला। अब साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
सरफराज के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 37.10 रहा है। सरफराज के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।
अंगूठे की चोट से उबर रहे साई सुदर्शन
BCCI ने साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर भी जानकारी दी है। बोर्ड के मुताबिक, सुदर्शन बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उनके दाहिने पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन की समस्या है। उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है।
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।




