July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

Businessदेश

Petrol-Diesel Cheaper: बड़ी राहत! देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती, जानें आज के लेटेस्ट रेट

Petrol-Diesel Cheaper: भारत की सबसे बड़ी निजी फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Petrol-Diesel Cheaper: नई दिल्ली। देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारत की सबसे बड़ी निजी फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है। कंपनी ने 1 जुलाई से अपने सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी कर दी है। नई दरें देशभर में तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें कम होने का सीधा लाभ अब उपभोक्ताओं तक पहुंचना शुरू हो गया है।

फरीदाबाद में नई कीमतें लागू

दिल्ली-एनसीआर से सटे हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नायरा पेट्रोल पंपों पर अब पेट्रोल 108.03 रुपये प्रति लीटर से घटकर 103.03 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 98.84 रुपये प्रति लीटर से कम होकर 95.84 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि विभिन्न राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कच्चे तेल एवं एलएनजी की आपूर्ति सामान्य होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। संकट के दौरान जहां कच्चे तेल का भाव 125 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर 70 से 72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है। सप्लाई बाधित होने की आशंकाएं कम होने से वैश्विक बाजार में कीमतों पर दबाव बना है।

देशभर में 7000 से अधिक पेट्रोल पंप

इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, नायरा एनर्जी देशभर में 7000 से अधिक पेट्रोल पंपों का संचालन करती है। कंपनी ने अपने सभी आउटलेट्स पर नई दरें लागू कर दी हैं। इससे लाखों उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम

नायरा एनर्जी के इस फैसले के बावजूद सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) देशभर में 90 हजार से अधिक पेट्रोल पंपों का संचालन करती हैं। वर्तमान में दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

पहले बढ़ाए थे दाम, अब दी राहत

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के दौरान सबसे पहले नायरा एनर्जी ने ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी दाम बढ़ाए थे। उस अवधि में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई थी। अब कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के बाद नायरा ने एक बार फिर पहल करते हुए उपभोक्ताओं को राहत दी है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियां भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती कर सकती हैं। फिलहाल उपभोक्ताओं की नजरें सरकारी कंपनियों के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close