June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने का दिया संदेश

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Raipur News: रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि आम केवल एक फल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आम उत्पादन और उसके मूल्य संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भारत विश्व में आम उत्पादन में अग्रणी है और देश में एक हजार से अधिक किस्मों के आम पाए जाते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्थानीय आमों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए किसानों से उच्च गुणवत्ता वाली किस्मों के उत्पादन पर जोर दिया, ताकि प्रदेश की अलग पहचान बन सके। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव किसानों को नई तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बस्तर, कांकेर, कोण्डागांव और सरगुजा क्षेत्रों में आम उत्पादन की अपार संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के लिए भी इस क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मौजूद हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ में मैंगो टूरिज्म की भी व्यापक संभावनाएं हैं।

राज्यपाल ने आम के वैल्यू एडिशन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कृषि विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम को मिलकर कार्य करने का सुझाव दिया। उन्होंने जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आम को फलों का राजा कहा जाता है और इसका धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व भी बेहद खास है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में 250 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें बेर के आकार से लेकर बीजापुर के प्रसिद्ध हाथीझुल आम जैसी बड़ी किस्में भी आकर्षण का केंद्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आम की खेती किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय आम महोत्सव का लाभ लेने और विभिन्न किस्मों के आमों से परिचित होने की अपील की।

उद्घाटन समारोह के बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न आम उत्पादकों से चर्चा की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ और दर्शक उपस्थित रहे |


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close