Rahul Singh Lodhi in Parliament : सदन में विपक्ष पर गरजे सांसद राहुल सिंह लोधी! इस योजना को लेकर PM मोदी का किया धन्यवाद, कहा- ‘अब बदलेगी बुंदेलखंड की दशा और दिशा’
Rahul Singh Lodhi in Parliament : दमोह लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद राहुल सिंह लोधी ने बुंदेलखंड और केंद्र सरकार की नदी जोड़ो परियोजना के मुद्दे पर सदन का ध्यान आकर्षित किया।
नई दिल्ली। Rahul Singh Lodhi in Parliament : संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग सोमवार 10 मार्च से शुरू हो चुका है। सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में विपक्ष की ओर से काफी हंगामा देखने को मिला। लोकसभा में विपक्षी दलों और सरकार के बीच NEP और त्रिभाषा नीति को लेकर नोकझोंक देखने को मिली थी। इसके अलावा लोकसभा सीटों के परिसीमन, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटर टर्न आउट के मुद्दे पर भी बहस हुई। वहीं मध्यप्रदेश के दमोह से बीजेपी सांसद राहुल सिंह लोधी ने सदन में विपक्ष पर निशाना साधा और नदी जोड़ो परियोजना को लेकर बुंदेलखंड पर बात की।
लोकसभा में बुंदेलखंड का जिक्र
वहीं मध्यप्रदेश की दमोह लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद राहुल सिंह लोधी ने बुंदेलखंड और केंद्र सरकार की नदी जोड़ो परियोजना के मुद्दे पर सदन का ध्यान आकर्षित किया। सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि ‘जब हम बुंदेलखंड की बात करते हैं तो सबसे पहले हमारे सामने जो तस्वीर आती है वह सूखे की आती है। आज से 10 साल पहले जब विपक्ष की सरकार थी तब उन्होंने कभी बुंदेलखंड की ओर ध्यान नहीं दिया। बुंदेलखंड में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा को विपक्ष लगातार नजरअंदाज करता रहा। राहुल सिंह ने कहा कि विपक्ष ने हमेशा वोट के माध्यम से बुंदेलखंड की जनता को गुमराह करने का काम किया है।
राहुल सिंह ने आगे कहा कि जब 2014 में केंद्र में मोदी सरकार आई। पीएम मोदी ने 2047 का रोडमैप तैयार किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के विजन ‘सबका साथ और सबका विकास’ पर काम शुरू हुआ तो बुंदेलखंड की तस्वीर बदली। राहुल सिंह लोधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपने ‘नदी से नदी जोड़ो योजना’ को साकार किया। बुंदेलखंड में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश का क्षेत्र आता है। और जब ये केन बेतना परियोजना तैयार होगी तो मध्यप्रदेश का करीब 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर भूमि और उत्तरप्रदेश की 2 लाख 50 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
राहुल सिंह लोधी ने आगे कहा कि जब 8 से 10 साल बाद ये योजना बनकर तैयार होगी और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में इसका पानी पहुंचेंगा तो बुंदेलखंड की दशा और दिशा दोनों बदलेगी। राहुल सिंह ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया।




