Building Collapsed in Delhi: दिल्ली के वेलकम इलाके में आज शनिवार सुबह करीब 7 बजे बड़ा हादसा हो गया। वेलकम इलाके की जनता मजदूर कॉलोनी मे 4 मंजिला इमारत गिर गई। हादसे के वक्त पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इमारत में कईं लोग मौजूद थे। हालांकि अब तक करीब 12 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
5 लोगों को बाहर निकाला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटनास्थल पर अभी लोकल प्रशासन समेत दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौजूद है। बताया जा रहा है कि मलबे में से अब तक करीब 5 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को टीम ने अस्पताल पहुंचाया है। वहीं दूसरी तरफ अन्य लोगों को भी मलबे से बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी
ऐसा कहा जा रहा है कि जिस इलाके में यह हादसा हुआ है, वहां की गलियां काफी संकरी है। ऐसे में टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के वक्त समस्या का सामना करना पड़ा है। हालांकि टीम का कहना है कि बहुत जल्द बाकी लोगों को भी निकाल लिया जाएगा।




