September 11, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

इंदौर को मिली मेट्रो की बड़ी सौगात, CM मोहन यादव ने किया 2,850 करोड़ के कॉरिडोर का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2,850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मेट्रो कॉरिडोर का शुभारंभ किया। यह कॉरिडोर सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर तक बनाया गया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए 5 सितंबर का दिन बेहद खास रहा। शहरवासियों को बेहतर और आधुनिक यातायात सुविधा की सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2,850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मेट्रो कॉरिडोर का शुभारंभ किया। यह कॉरिडोर सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर तक बनाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्कूली बच्चों के साथ बापट चौराहा से गांधीनगर तक मेट्रो ट्रेन में सफर किया। सफर के दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत की और उन्हें दुलार भी किया।

मेट्रो विस्तार विकास के नए अध्याय की शुरुआत: CM

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में मेट्रो ट्रेन का विस्तार केवल परिवहन सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकास के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मेट्रो का नया चरण शुरू हो चुका है और आने वाले समय में इसके अन्य चरण भी पूरे किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से इंदौर को उज्जैन और पीथमपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ ही आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर मजबूत अर्थव्यवस्था का प्रमाण: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हाल ही में सामने आए आर्थिक विकास दर के आंकड़े देशवासियों का उत्साह और गौरव बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की करीब 2 प्रतिशत और चीन की 4 प्रतिशत विकास दर की तुलना में भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाती है।

इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर को मिली मेट्रो की सौगात के साथ इंदौर-मनमाड़ नई रेल लाइन के लिए 18,500 करोड़ रुपये की मंजूरी भी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना इंदौर, मालवा और पूरे मध्यप्रदेश के विकास में नया इतिहास रचेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल परियोजना के पूरा होने के बाद इंदौर से मुंबई जाने के लिए गुजरात होकर जाने की जरूरत नहीं होगी। इंदौर से मनमाड़ के रास्ते महाराष्ट्र और मुंबई से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी।

17 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 16 स्टेशन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो का सफर गांधीनगर से मालवीय चौराहे तक आगे बढ़ रहा है। इस कॉरिडोर की लंबाई 17 किलोमीटर है और इसमें 16 स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना इंदौर के परिवहन तंत्र को आधुनिक और सशक्त बनाने के साथ ही शहर के विकास को नई गति प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सहित सभी संबंधित अधिकारियों और मेट्रो परियोजना से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close