India-France Rafale Deal : आज बढ़ने वाली है भारत की आसमानी ताकत! फ्रांस के साथ 26 राफेल लड़ाकू विमान पर लगेगी मुहर, पाकिस्तान में डर का माहौल
India-France Rafale Deal : भारत और फ्रांस सोमवार को दिल्ली में 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों के लिए 63 हजार करोड़ रुपये के सौदे पर हस्ताक्षर करेंगे।
India-France Rafale Deal : नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के तनावपूर्ण रिश्ते के बीच भारत और फ्रांस सोमवार को दिल्ली में 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों के लिए 63 हजार करोड़ रुपये के सौदे पर हस्ताक्षर करेंगे। भारतीय रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और भारत में फ्रांस के राजदूत हस्ताक्षर समारोह में दोनों पक्षों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, जबकि फ्रांस और भारतीय रक्षा मंत्री वर्चु्अल रूप से इसमें शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि हस्ताक्षर समारोह साउथ ब्लॉक में रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के बाहर आयोजित होने की संभावना है। इससे पहले, फ्रांस के रक्षा मंत्री खुद हस्ताक्षर समारोह में शामिल होने वाले थे, लेकिन उन्हें व्यक्तिगत कारणों से अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।
राफेल एम जेट आईएनएस विक्रांत से संचालित होंगे और मौजूदा मिग-29के बेड़े का सहयोग करेंगे। भारतीय वायु सेना पहले से ही 2016 में खरीदे गए 36 राफेल विमानों का बेड़ा संचालित कर रही है। ये विमान अंबाला और हासीमारा में स्थित हैं। इस नए सौदे से भारत में राफेल जेट विमानों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो जाएगी, जिससे देश के 4.5 पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के बेड़े में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सूत्रों ने बताया कि भारतीय विमानवाहक पोतों, विशेष रूप से आईएनएस विक्रांत पर तैनाती के लिए 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों की तत्काल आवश्यकता है।




