September 13, 2026 |

BREAKING NEWS

देश

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस ने ऑटो को मारी टक्कर; 7 की मौत, 2 गंभीर

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

पलनाडु। आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिलाकलुरिपेट के अड्डा रोड के पास एक निजी ट्रैवल बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, निजी ट्रैवल बस विजयवाड़ा से चेन्नई की ओर जा रही थी। इसी दौरान अड्डा रोड के पास उसकी ऑटो-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। ऑटो में सवार यात्री कोंडा मंजुरु से वेल्लोर एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

परिवहन मंत्री ने जताया दुख

हादसे पर आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंडीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने सड़क हादसों में हो रही जनहानि पर चिंता जताते हुए कहा कि यात्रा लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए होनी चाहिए, न कि उनके अंतिम गंतव्य तक।

यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के निर्देश

परिवहन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को घटनास्थल पर आवश्यक कदम उठाने और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की।

24 अगस्त को भी हुआ था पुलिस वाहन हादसा

इससे पहले 24 अगस्त को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में भी सड़क हादसा हुआ था। ब्रेक फेल होने के कारण पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में एक कांस्टेबल की मौत हो गई थी, जबकि सब-इंस्पेक्टर और वाहन चालक घायल हुए थे। पुलिस वाहन जांच के लिए कोंडाकरकम गांव जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close