Gwalior News: आदर्श गौशाला में हंगामे पर नगर निगम सख्त, MPRRDA से सब इंजीनियर हिमांचली मिश्रा पर कार्रवाई की मांग
नगर निगम आयुक्त ने MPRRDA के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर सब इंजीनियर हिमांचली मिश्रा के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित आदर्श गौशाला लालटिपारा में प्रदर्शन और हंगामे का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। नगर निगम आयुक्त ने MPRRDA के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर सब इंजीनियर हिमांचली मिश्रा के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। हिमांचली मिश्रा वर्तमान में MPRRDA में सब इंजीनियर के पद पर शिवपुरी में पदस्थ हैं।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के मुताबिक, हिमांचली मिश्रा ने अपने साथियों के साथ 15 और 16 अगस्त को मृत गोवंश को लेकर आदर्श गौशाला लालटिपारा में प्रदर्शन और हंगामा किया था। निगम का आरोप है कि इस प्रदर्शन के कारण गौशाला की दैनिक व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं और मुख्य द्वार पर आवागमन भी बाधित हुआ।
शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप
नगर निगम की ओर से MPRRDA को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बिना अनुमति किए गए प्रदर्शन के कारण शासकीय कार्य प्रभावित हुआ। निगम के अनुसार, मृत गोवंश का नियमानुसार शव परीक्षण कराया गया था। इसके बावजूद गौशाला परिसर में प्रदर्शन और हंगामा जारी रहा।
आयुक्त ने MPRRDA के महाप्रबंधक से सेवा नियमों के तहत हिमांचली मिश्रा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। साथ ही भविष्य में इस तरह के प्रदर्शन की पुनरावृत्ति रोकने और की गई कार्रवाई से नगर निगम को अवगत कराने को भी कहा गया है।
गौसेवक के रूप में भी काम करती हैं हिमांचली मिश्रा
वहीं, हिमांचली मिश्रा गौसेवक के रूप में भी काम करती हैं। बताया गया है कि उन्होंने एक बीमार गोवंश को इलाज के लिए आदर्श गौशाला पहुंचाया था। हिमांचली मिश्रा का आरोप है कि गौशाला में गोवंश का उचित इलाज नहीं किया गया और उसे इसी हालत में छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसी मामले को लेकर उन्होंने गौशाला में प्रदर्शन किया था। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य गोवंश की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय कराना और व्यवस्था में सुधार की मांग करना था।
अब MPRRDA की कार्रवाई पर नजर
नगर निगम की ओर से भेजे गए पत्र के बाद अब सबकी नजर MPRRDA की कार्रवाई पर है। विभाग हिमांचली मिश्रा के खिलाफ लगाए गए आरोपों और नगर निगम की शिकायत की जांच के बाद आगे का निर्णय ले सकता है।
वहीं, मामले में एक ओर नगर निगम शासकीय कार्य में बाधा और अनधिकृत प्रदर्शन का आरोप लगा रहा है, जबकि दूसरी ओर हिमांचली मिश्रा गोवंश की मौत को लेकर गौशाला प्रबंधन पर सवाल उठा रही हैं। अब विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



