Myanmar And Thailand Earthquake : म्यांमार में शुक्रवार को जोरदार भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। ये झटके इतने जबरदस्त थे कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी इन्हें महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र म्यांमार का Sagaing रहा। भूकंप के झटकों की वजह से म्यांमार के मांडलेय में इरावडी नदी पर कथित तौर पर लोकप्रिय एवा ब्रिज (Ava Bridge) ढह गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप के पहले झटके की तीव्रता 7.7 जबकि दूसरे की 7.0 रही। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार अब तक इस भीषण भूकंप में 13 लोग मारे गए हैं, जबकि अनादोलू अजांसी के अनुसार 26 लोगों की मौत हो गई है और 43 लापता हैं।
बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने थाईलैंड में भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन नंबर +66 618819218 जारी किया है, जिसका उपयोग वे किसी भी आपात स्थिति में कर सकते हैं।
भारतीय दूतावास ने कहा कि “बैंकॉक और थाईलैंड के अन्य हिस्सों में आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों के बाद, दूतावास थाई अधिकारियों के साथ समन्वय में स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है। अब तक किसी भी भारतीय नागरिक से जुड़ी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है… बैंकॉक में भारतीय दूतावास और चियांग माई में वाणिज्य दूतावास के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।”
भूकंप के बाद बैंकॉक के गवर्नर का आया बयान, कहा सीमित क्षति हुई
भूकंप के बाद बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपंट का पहला बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि भूकंप से हुआ नुकसान सीमित है। गवर्नर ने कहा कि “पहले तो हमें चिंता थी कि व्यापक नुकसान होगा, लेकिन हमें रिपोर्ट मिली है कि यह सीमित है,” उन्होंने कहा। “जिस इमारत में यह घटना हुई, वह निर्माणाधीन इमारत थी, जो नाजुक है क्योंकि सिस्टम पूरे नहीं हैं। मेरा मानना है कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है जितनी हमने शुरू में चिंता जताई थी।” उन्होंने कहा, “बैंकॉक के भवन मानक अच्छे हैं।” “मेरा मानना है कि घटना से नुकसान सीमित है। घबराएँ नहीं।”




