
मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार रात लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। जव्हार-विक्रमगढ़ क्षेत्र में आए दोनों भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 3.4 मापी गई। लगातार दो झटकों से लोगों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
रात 10:04 बजे आया पहला झटका
पालघर जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला भूकंप सोमवार रात 10 बजकर 04 मिनट पर महसूस किया गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे दूसरा झटका आया। दोनों भूकंप की तीव्रता क्रमश: 3.2 और 3.4 रही।
5 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
भूकंप का केंद्र जव्हार तालुका में जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। कम तीव्रता के बावजूद लगातार दो झटके महसूस होने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने और भूकंप के दौरान जरूरी सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।
पालघर में लगातार महसूस हो रहे हल्के झटके
पालघर जिले में पिछले कुछ समय से कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। 31 जुलाई को भी जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इससे पहले 25 जुलाई को दहानू तहसील के गंजाड क्षेत्र में 3.1 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था। वहीं 28 जुलाई को भी जिले में हल्का भूकंप आया था।
दो दिन पहले नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप
पालघर की घटना से पहले नासिक जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया।
नासिक में भूकंप के कारण सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी और निफाड समेत कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए थे। प्रशासन के मुताबिक, सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की सूचना भी मिली थी। फिलहाल पालघर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और स्थानीय प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।




